यूपी के बरेली मंडल को गर्मी से मिली राहत; तापमान में गिरावट शुरू, जल्द ही बरसेंगे बादल

उत्तर प्रदेश

यूपी जनमत। यूपी के बरेली मंडल में पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली है। तीन दिन बाद पारा तीन डिग्री लुढ़क गया। सुबह के समय बादल भी छाए रहे। अब दो दिन रात का तापमान बढ़ेगा। इसके बाद 30 अप्रैल से बारिश से गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
रविवार को अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि तीन दिन से तापमान 40 से अधिक ही रह रहा था, जबकि बृहस्पतिवार को तो 42.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। वहीं न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो शनिवार से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से मौसम में परिवर्तन हो सकता है। इस दौरान हवा में नमी सुबह 43 प्रतिशत और शाम को 30 प्रतिशत दर्ज की गई। आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पूर्वांचल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर जिले में भी रहेगा। इस दौरान औसत अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होगी। सोमवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस, मंगलवार को 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हो सकता है।
वहीं बुधवार और गुरुवार को बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज हो सकता है। वहीं, शुक्रवार और शनिवार को भी बादल छाए रहेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *