बदायूं राजकीय मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टरों ने छात्रों को पीटा; जमीन पर गिराकर किया हमला, पथराव भी हुआ

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। शहर के नौशेरा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टरों द्वारा बीएससी छात्रों के साथ मारपीट और पथराव का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें जूनियर डॉक्टर छात्रों पर ईंट-पत्थर और लात-घूंसों से हमला करते दिख रहे हैं। पुलिस ने एक छात्र की तहरीर पर नौ जूनियर डॉक्टरों और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के राजकीय मेडिकल कॉलेज के बाहर हुई। इटावा निवासी वीर प्रताप, जो कॉलेज में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि राजकीय मेडिकल कॉलेज के कुछ जूनियर डॉक्टर उनके किराए के कमरे के बाहर आए। उन्होंने वीर प्रताप के साथियों तन्यम प्रताप, यस तोमर, मोहित तिवारी, अमन यादव, अंकित गुप्ता और अनुज शर्मा के साथ मारपीट व गाली-गलौज की। इस दौरान अमन यादव को काफी चोटें आई हैं। वीर प्रताप के अनुसार, आरोपियों में मेघांशु सिंह, शिवांग मणि त्रिपाठी, अखिलेश यादव, तुषार, रवि गुप्ता, रितुराज सिंह, यस बिंदल, अभिषेक गिरि और रवि सिंह शामिल हैं।
छात्रों का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। वायरल वीडियो में एक छात्रा को जमीन पर गिराकर पीटते हुए भी देखा जा सकता है। इस घटना ने कॉलेज प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। एसएचओ सिविल लाइंस मनोज कुमार ने बताया कि छात्र की तहरीर और वीडियो की जांच की जा रही है, और दोषी पाए जाने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।घटनास्थल पर पड़े ईंट पत्थर : जनमत एक्सप्रेस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *