बदायूॅं जनमत। उसहैत स्थित विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के गांव निताई नगला में 20 दिन बाद भी बिजली नहीं पहुंच सकी, जिसको लेकर दर्जनों ग्रामीणों ने एक बार फिर विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। ग्रामीण पिछले 20 दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। उपभोक्ताओं का कहना है कि भीषण गर्मी में लोग परेशान हैं, उन्होंने कई बार लाइनमैन और विद्युत उपकेंद्र को सूचित किया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
बता दें परेशान ग्रामीणों ने बीते 28 अप्रैल को उपकेंद्र का घेराव किया था। साथ ही मांग पत्र भी सौंपा था। उन्होंने 25 केवी के ओवरलोड ट्रांसफार्मर के बार-बार खराब होने के कारण 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की थी, ताकि बिजली सुचारू रहे। ग्रामीणों ने बताया खराब ट्रांसफार्मर अभी भी गांव में ही रखा है। जबकि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार ट्रांसफार्मर 48 घंटे के भीतर बदल दिया जाना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा मंडल उपाध्यक्ष नरसिंह राजपूत, बूथ अध्यक्ष प्रेमपाल सिंह राजपूत, बूथ बीएलओ कन्या सिंह राजपूत, हरदेव लोधी, भूपेंद्र सिंह लोधी, रामनिवास लोधी, सतपाल लोधी, जमुना प्रसाद लोधी, संजीव लोधी, बाबू लोधी, देव वर्मा, राहुल लोधी, पंकज लोधी, गौरव लोधी और जोगेंद्र लोधी आदि उपभोक्ता शामिल थे।
उधर, जेई रामकिशोर श्रीवास्तव ने बताया कि उपभोक्ताओं की मांग पर पहले 25 केवी का ट्रांसफार्मर लगा था, जो ओवरलोड के कारण जल्दी खराब हो रहा था। इसलिए लोगों की मांग पर 63 केवी का ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए विद्युत कर्मियों को भेजा गया था, लेकिन वह टेस्टिंग के दौरान ही खराब हो गया। उन्होंने जल्द दूसरा ट्रांसफार्मर लगवाने का आश्वासन दिया है।


