बदायूॅं जनमत। सदर कोतवाली क्षेत्र में दवा व्यापारी से दो लाख रुपये लूटने की घटना का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो छात्रों को पकड़ा है। इनमें एक आईटीआई का छात्र मुख्य आरोपी है, जबकि उसका साथी नाबालिग हाईस्कूल छात्र है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,60,880 रुपये, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि घटना 28 अप्रैल की रात करीब 10:15 बजे की है, जब मोहल्ला पटियाली सराय निवासी अंशुमन वैश्य अपनी दवा की दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। हुसैनी गली स्थित भारद्वाज टेंट हाउस के पास पीछे से आए स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया और मौके से भाग गए थे। बैग में करीब दो लाख रुपये, मोबाइल फोन और दुकान की चाबियां रखी थीं।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर एक मई की रात गांधी ग्राउंड के पास से मुख्य आरोपी भरत कश्यप को उसके नाबालिग साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी भरत कश्यप पहले पीड़ित की दुकान पर काम करता था और आईटीआई का छात्र है। उसे व्यापारी की दिनचर्या की पूरी जानकारी थी। रुपयों की जरूरत होने पर उसने अपने नाबालिग हाईस्कूल छात्र साथी के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
खर्च चलाने के लिए किया अपराध…
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें खर्च चलाने के लिए रुपयों की जरूरत थी। इसी कारण उन्होंने यह कदम उठाया। घटना के बाद दोनों ने मोबाइल और चाबी को रोजा (मकबरा) के पास फेंक दिया था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 1,60,880 रुपये, स्कूटी नंबर और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई से इस घटना का खुलासा संभव हो सका।

