बदायूॅं जनमत। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के ऑफिस में तैनात बाबू को एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एक एएनएम का मानदेय निकालने के नाम पर रिश्वत की मांग की गई थी। देर शाम एंटी करप्शन टीम ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादरचौक पर तैनात सुनील सक्सेना पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के बाबू का भी प्रभार है। चर्चा है कि सीएचसी जगत पर तैनात एएनएम अंशू की नवीन तैनाती हुई है। पुलिस वेरिफिकेशन के बाद मानदेय निकलाने का काम होना था। आरोप है कि मानदेय निकालने के नाम पर एएनएम से 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई। सीएमओ कार्यालय पर तैनात बाबू सुनील सक्सेना द्वारा रिश्वत न देने पर मानदेय न निकालने की धमकी दी गई। परेशान होकर एएनएम ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की, जिसके बाद एंटी करप्शन टीम एक्शन में आई।
आरोप है कि बुधवार शाम शहर के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में बाबू सुनील सक्सेना रिश्वत की रकम लेने पहुंचा था। जहां रिश्वत लेते ही एंटी करप्शन टीम ने उसे धर दबोचा। जिसके बाद टीम उसे अपने साथ लेकर चली गई। इस संबंध में सीएमओ को फोन किया गया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। 


