बदायूॅं जनमत। विकास क्षेत्र उझानी के उच्च प्राथमिक विद्यालय दहेमू के शिक्षक मनीष कुमार को राज्य आईसीटी पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। राज्य आईसीटी पुरस्कार के लिए सर्वप्रथम जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा जिले भर के शिक्षकों को बुलाकर उनका आईसीटी से संबधित प्रस्तुतिकरण एवं साक्षात्कार लिया गया। यहां से विजयी प्रतिभागियों ने राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद उत्तर प्रदेश में राज्य भर के 75 जनपदों से आये हुए शिक्षकों के मध्य प्रस्तुतिकरण एवं साक्षात्कार दिया। जिसके आधार पर शिक्षक मनीष कुमार का चयन राज्य आईसीटी पुरस्कार के लिए किया गया। शिक्षक मनीष कुमार का साक्षात्कार 16 मई को हुआ था। इससे पूर्व भी मनीष कुमार को वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री के करकमलों से राज्य अध्यापक पुरस्कार प्रदान किया गया था। शिक्षक मनीष कुमार की आईसीटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां है। उन्होंने अपने विद्यालय में सामुदायिक सहायता से कंप्यूटर प्रयोगशाला, स्मार्ट कक्षा कक्ष की स्थापना की। उनके द्वारा कंप्यूटर, आईसीटी एवं एआई से संबंधित विभिन्न प्रशिक्षण शिक्षकों को नियमित रूप से दिए जा रहे है। उन्होंने अपने स्वयं के प्रयास से विद्यालय की वेबसाइट एवमं एप्प का निर्माण कराया है। उच्च प्राथमिक विद्यालय दहेमू जनपद का प्रथम विद्यालय है जहां समस्त कार्य ऑनलाइन एवं पेपर लैस तकनीक पर किये जा रहे हैं। 


