बदायूं डीएम आवास के पास M.Com के छात्र की हत्या, बदमाश ने पीठ पर मारी गोली

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। एमकॉम छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। छात्र दोस्तों के साथ बाइक से घूमने के लिए निकला था। डीएम आवास से 250 मीटर दूर बाइक सवार बदमाश आया। उसने छात्र और उसके दोस्तों पर तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली छात्र की पीठ में लग गई। छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद छात्र के दोस्तों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। परिजन उसे बरेली लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद बाइक सवार तमंचा लहराते हुए भाग गया। डीएम आवास से थोड़ी दूर घटना होने के कारण पुलिस अलर्ट हो गई है। जगह-जगह आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। साथ ही डीएम आवास के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सुबह साढ़े चार बजे हुई।
छात्र कर्तव्य पटेल (22) बदरपुर गांव का रहने वाला था। वह राजकीय डिग्री कॉलेज में एमकॉम फर्स्ट ईयर का छात्र था। वह सदर कोतवाली क्षेत्र के ब्रह्मपुर में बने मकान में रहता था। कर्तव्य पढ़ाई के साथ ही एक फाइनेंस कंपनी में लोन रिकवरी एजेंट के तौर पर काम करता था। परिजनों का कहना है कि उसका किसी से कोई विवाद नहीं था। रविवार सुबह साढ़े चार बजे कर्तव्य अपने दोस्तों उत्सव, काका और अजय के साथ बाइक से शहर में घूमने निकला। तीनों पवन बैंक्वेट लॉन के पास खड़े होकर बात कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक आया और फायरिंग करने लगा। तीन राउंड की फायरिंग में एक गोली कर्तव्य की पीठ में लग गई। गोली लगते ही कर्तव्य बेहोश हो गया। उसके दोस्तों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद कर्तव्य को बरेली रेफर कर दिया। परिजन उसे बरेली लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कर्तव्य के भाई हिमांशु पटेल ने थाने में तहरीर दी है, जिसमें उसने शौर्य ठाकुर नाम के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। हिमांशु ने बताया- हमारा भाई निर्दोष था। गोली शौर्य ठाकुर ने चलाई। टारगेट कोई और था, लेकिन गोली मेरे भाई को लग गई।
हमले के पीछे पुरानी रंजिश है। आरोपी को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है। पुलिस शौर्य ठाकुर को राजनीतिक दबाव के चलते बचा रही है। अगर आरोपी को मदद नहीं मिल रही होती, तो अब तक गिरफ्तारी हो चुकी होती। उन्होंने मांग की कि आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी हो और मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

पुलिस छात्र के दोस्तों से कर रही पूछताछ…

सीओ सिटी रजनीश कुमार ने बताया सिविल लाइंस क्षेत्र में एक युवक की हत्या की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक के भाई की तहरीर पर एक नामजद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश के लिए एक टीम बनाई गई है। पुलिस कर्तव्य के दोस्तों- उत्सव, काका और अजय से पूछताछ कर रही है। तीनों ही वारदात के चश्मदीद गवाह हैं।       

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *