बदायूॅं जनमत। ई रिक्शा पलटने से 6 साल की मासूम की मौत हो गई। बच्ची अपने परिजनों के साथ मेला देखने जा रही थी, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिवार वालों को सौंप दिया।
हादसा कोतवाली दातागंज क्षेत्र में भटौली गांव के पास हुआ। दातागंज के मोहल्ला परा वार्ड संख्या तीन निवासी आर्येंद्र अपनी बेटी स्वाति (6) व अन्य परिजनों के साथ रविवार दोपहर गांव नेता झुकसा में लगा मेला देखने जा रहे थे। रास्ते में भटौली गांव के पास अचानक ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में स्वाति गंभीर रूप से घायल हो गई। जबकि बाकी के लोगों को मामूली चोट आई। अन्य सवारियों को भी चोट लगी, लेकिन वो अपना प्राथमिक इलाज कराकर वापस गंतव्य को रवाना हो गईं। परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे लेकिन यहां इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव कब्जे में ले लिया। परिजनों के मुताबिक स्वाति कक्षा एक छात्रा थी। जब ई रिक्शा पलटा तो वो पहले नीचे गिरी और अन्य सवारियां उसके ऊपर आ गिरी। उसके सिर में चोट आई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हेड इंजरी से मौत की पुष्टि हुई है। एसएचओ दातागंज गौरव विश्नोई ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। 


