बदायूॅं जनमत। जमीन के अवैध कब्जे की शिकायत करने आई महिला को तहसील परिसर में दो महिलाओं ने जमीन पर गिराकर पीट दिया। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल उसे बचाया। दोनों महिलाओं को थाने ले जाया गया। यहां पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपी महिलाओं का शांतिभंग में चालान किया है।
दातागंज थाना क्षेत्र के गांव भीकमपुर की रहने वाली महिला मनोरमा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह विधवा है। पति की मौत के बाद बच्चों व उसके नाम पति की जमीन आ गई है। जिसपर दबंग लोगों ने कब्जा कर रखा है। इसकी शिकायत करने वह एसडीएम कार्यालय में बुधवार को आई थी। जैसे ही कार्यालय से बाहर निकली, तभी गुड्डी देवी व माला ने उस पर जानलेवा हमला बोल दिया।
जमीन पर गिरा लिया और मारा-पीटा। परिसर में मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसको बचाया। दोनों आरोपी महिलाओं को थाने ले जाया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शांति भंग में चालान किया है। महिला के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।