बदायूॅं जनमत। बरेली के थाना बिसारतगंज क्षेत्र के गांव सिसौना निवासी मुनेंद्र उर्फ मोनू (23) पुत्र आनंद सिंह यादव की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव बदायूं के दबतोरी कस्बे में तालाब में मिला। लोगों का कहना है कि वह सिरौली रोड स्थित एक तालाब में नहाने उतरा था।
चश्मदीदों ने बताया कि कुछ देर तक मोनू तालाब में दिखाई दिया। फिर अचानक लापता हो गया। आसपास के लोगों ने जब उसे नहीं देखा तो शोर मचाया। सूचना मिलते ही दबतोरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव बाहर निकाला गया।
पुलिस के मुताबिक मृतक अविवाहित था और नशे का आदी था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मौत का कारण डूबना बताया गया है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
