बदायूॅं जनमत। मंगलवार रात एक दुखद घटना घटित हो गई। नगर पालिका परिषद उझानी की कृष्णा कालोनी में रात साढ़े 11 बजे नगर पालिका कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई।
मृतक हिमांशु की उम्र 28 वर्ष थी। वह नगर पालिका उझानी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। उसे यह नौकरी आठ महीने पहले मिली थी। यह नौकरी उसे अपने पिता अवधेश की मृत्यु के बाद मृतक आश्रित के रूप में मिली थी। हिमांशु रात में प्यास लगने पर पानी पीने के लिए उठा। वह किचन में रखे रेफ्रिजरेटर की तरफ गया। नींद की हालत में उसका हाथ इन्वर्टर की लाइन से छू गया। लाइन में करंट था जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हिमांशु की चीख सुनकर परिजन जागे। उन्होंने तुरंत उसे करंट से अलग किया। परिवार वाले उसे डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।