बदायूं में खिचड़ी खाने के बाद परिवार के पांच सदस्यों की हालत बिगड़ी, मासूम बेटे की मौत

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। खिचड़ी खाने से परिवार के बच्चों समेत पांच सदस्यों की हालत बिगड़ गई। सभी को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई। बच्चे के पिता समेत चार लोगों का इलाज चल रहा है। बच्चे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव कंडेला निवासी सुरेश के घर पर मंगलवार सुबह को चाय-नाश्ता के बाद खिचड़ी बनी थी। परिवार के पांच लोगों ने खिचड़ी खाई। इसके कुछ देर बाद सभी के पेट में दर्द व ऐंठन होने लगी। इसके बाद उल्टी दस्त शुरू हो गए। जिससे सुरेश, उनकी तीन बेटे व मां बेहोश हो गई। अचानक उनकी हालत बिगड़ने से ग्रामीण स्तब्ध रह गए। घर पर आसपड़ोस के लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार के अन्य लोगों ने बेहोशी की हालत में पांचों लोगों को गांव के एक डॉक्टर के क्लीनिक में भर्ती कराया। जहां हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां सुरेश के बेटे विजनेश (6 वर्ष) की बुधवार दोपहर इलाज के दौरान मौत हो गई। सुरेश, उनके बेटे सचिन (8 वर्ष), अनवीर (3 वर्ष) व मां कल्लो (60) का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। जहां उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
गांव के प्रधान प्रेमपाल ने बताया कि खिचड़ी खाने से एक ही परिवार के पांच सदस्य बीमार हो गए थे। एक बच्चे की मौत हो गई। मूसाझाग एसओ मान बहादुर सिंह ने बताया कि इस घटना की सूचना थाने में नहीं दी गई। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त सीएल यादव ने बताया कि फूड प्वाइजनिंग के बारे में जानकारी नहीं है।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *