यूपी जनमत। गोंडा जिले के इटियाथोक क्षेत्र में रविवार को एक एसयूवी कार सरयू नहर में गिर गई। जिसमें 11 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसे पर प्रधानमंत्री और यूपी के मुख्यमंत्री ने दुख जताया है। साथ ही मुआवजे की घोषणा की है।
प्रत्यक्षदर्शी इटियाथोक निवासी राहुल वर्मा ने बताया कि सुबह से ही बारिश होने के कारण सड़क पर फिसलन थी। उन्होंने कहा, ‘‘ वाहन नहर के बगल में बनी सड़क पर जा रहा था उसी बीच चालक ने ब्रेक लगाया जिससे गाड़ी फिसल करके नहर में जा गिरी। हमने तत्काल पुलिस और गांव के लोगों को मौके पर बुलाया और रस्सी के सहारे बोलेरो को बाहर निकाला।’’ वाहन से निकाली गई एक किशोरी ने बताया कि ‘‘हम सब पृथ्वीनाथ मंदिर दर्शन करने के लिए जा रहे थे, वाहन में सवार महिलाएं व लड़कियां भजन गा रही थीं तभी अचानक सब कुछ धुंधला हो गया और फिर कुछ याद नहीं है।’’
कार में 15 लोग थे सवार…
एसयूवी में चालक सहित 15 लोग सवार थे, वाहन सड़क से फिसलकर नहर में जा गिरा। ग्रामीणों और बचाव दल की मदद से डूबे हुए वाहन से महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित 11 शव निकाले गए। पुलिस ने बताया कि चार अन्य यात्रियों को बचाया गया है और उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल…
गोंडा के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि इस हादसे में मरने वाले श्रद्धालुओं में छह महिलाएं, दो पुरुष और तीन बच्चे शामिल हैं। इटियाथोक थाने के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि एसयूवी सवार श्रद्धालु मोतीगंज थाना क्षेत्र के सीहागांव गांव से खरगूपुर स्थित प्रसिद्ध पृथ्वीनाथ मंदिर में पवित्र जल चढ़ाने जा रहे थे तभी बेलवा बहुता के पास यह दुर्घटना हुई। 
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने की मुआवजे की घोषणा…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा, ”उत्तर प्रदेश के गोंडा में हुए एक हादसे में हुई जान-माल की हानि से अत्यंत दुःखी हूं। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। पीएमओ ने एक्स पर बताया, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये दिए जाने की घोषणा की है।


