बदायूं में हुक्का बार संचालक पर रेप का आरोप; हिंदू बनकर नाबालिग को फंसाया, ब्लैकमेल करके संबंध बनाए

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। हुक्का बार चलाने वाले युवक ने नाबालिग लड़की से रेप किया। हिंदू बनकर उसे अपने जाल में फंसाया। ब्लैकमेल करके जबरन संबंध बनाए। अब इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बना रहा है। लड़की ने कहा- 3 साल पहले मेरी दोस्त मुझे रेस्टोरेंट बताकर हुक्का बार में ले गई। हुक्का पिलाकर मुझे नशे में कर दिया। फिर बार संचालक ने मेरे साथ आपत्तिजनक वीडियो बनाए।
मेरा शारीरिक और मानसिक शोषण हो रहा है। मेरी तरह और भी लड़कियों के साथ इन लोगों ने ऐसा किया है। ये लोग हिंदू बनकर लड़कियों को फंसाते हैं। उनको मुस्लिम बनने के लिए प्रताड़ित करते। मैं 3 साल से इन सब में फंसी हुई हूं। पुलिस ने हुक्का बार चलाने वाले युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ये वही हुक्का बार है, जो साल 2022 में विवादों में आने के बाद सील कर दिया गया था। तब यहां के कुछ वीडियो सामने आए थे, जिसमें कुछ नाबालिग लड़के-लड़कियां हुक्का पीते हुए अश्लील डांस कर रहे थे। जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी करके हुक्का बार सील कर दिया था।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में लिखा- मेरा नाम रीना (काल्पनिक नाम) है। मैं जब पहली बार इस बार में गई थी, तब मेरी उम्र 16 साल थी। मेरी दोस्त झूठ बोलकर मुझे यहां लाई थी। वहां रेस्टोरेंट के अंदर बार चल रहा था। सब लोग नशा कर रहे थे। मेरी दोस्त ने मुझे भी नशे वाला हुक्का पिला दिया। नशे में आने के बाद उसने मेरे कुछ वीडियो बार के संचालक अरबाज के साथ बना लिए। वहां मुझे और नशा करवाया गया। बार के ऊपर बने कमरे में ले जाकर मेरे साथ गलत काम किया गया। वहां भी मेरे वीडियो बनाए गए। वही वीडियो दिखाकर बाद में मेरा शारीरिक और मानसिक शोषण करते रहे। मुझे जबरन दिल्ली ले जाया गया। अलग-अलग होटलों में रखा जाता रहा। वहां पर भी कई लड़के आते थे। आरोपी अरबाज मुझे मस्जिद लेकर जाता। लेकिन वो खुद को हिंदू बताता था।

नशा करवाकर अश्लील वीडियो बनाते थे…

आरोप है कि आरोपी माथे पर चंदन और हाथ में कलावा बांधता था। वो अपना नाम भी शिवम बताता। उसका काम ही हिंदू लड़कियों को फंसाना था। उस बार में यही काम होता था। इन लोगों ने इस काम के लिए कुछ लड़कियां भी रखी हुई थीं। जो हिंदू लड़कियों को बार लेकर आती थीं। वहां उनको नशा करवाया जाता। उनके अश्लील वीडियो बनाए जाते। फिर मुस्लिम बनने के लिए प्रताड़ित किया जाता।
यही काम अरबाज ने मेरे साथ किया। दिल्ली में ये मुझे बुर्का पहनाता था। कहता था मुझसे निकाह करो और मुस्लिम बन जाओ। उसने मुझे एक तावीज भी पहनाई थी। उसके बाद से मैं सब उसके मन का करने लगी थी। अरबाज हमेशा मुझे अपने साथ ही रखता था। उससे मौलाना कहते थे, ये मुस्लिम कब बनेगी। इतना समय क्यों लग रहा है।
लड़की ने बताया कि बहुत मुश्किल से मैं इससे बचकर भागी हूं। फरवरी, 2025 तक मैं इसके संपर्क में ही थी। इसके बाद मैं अलग हुई हूं। 6 जुलाई को ये फिर मेरा पीछा करते हुए आया। मैं अपनी सहेली के घर जा रही थी, तभी इसने मुझे अपनी गाड़ी में बैठा लिया। मुझे जान से मारने की धमकी देने लगा। मैंने तभी पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने इसे हिरासत में लेने के बाद फिर से छोड़ दिया। ये लगातार मुझे परेशान कर रहा था। तब परेशान होकर मैंने अब केस दर्ज कराया है।

शहर के नई सराय कच्ची लीग पर ये हुक्का बार साल 2022 में फैमिली रेस्टोरेंट के नाम से खुला था। बार का उद्घाटन भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने किया था। बार के संचालकों का नाम अरबाज और राजा था। दोनों सगे भाई हैं। साल 2023 में स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद बार सील हुआ था। संचालक अरबाज और राजा को गिरफ्तार किया गया था। कुछ समय बाद दोनों के पिता भी गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार हुए थे। हालांकि बाद में सभी को जमानत मिल गई थी। 

मामले में एसएचओ प्रवीण कुमार ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश जारी है। पीड़िता को न्याय दिलाया जाएगा। पुलिस पर जो आरोप लगे हैं, उनकी भी जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *