बदायूॅं जनमत। शहर के प्रमुख ओवरब्रिज पर अगले एक माह तक आवागमन बंद रहेगा। संतोष सिंह तिराहा से भामाशाह चौक (पुलिस लाइन) के बीच बने इस ओवरब्रिज के एक्सपेंशन जॉइंट्स की मरम्मत का काम 22 जून से शुरू होगा। इस दौरान सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
ओवरब्रिज बंद होने से शहर के अंदर और बाहर जाने वाले वाहनों का दबाव अन्य मार्गों पर बढ़ेगा। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने एक विस्तृत डायवर्जन प्लान तैयार किया है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके। उसावां, ककराला और फर्रुखाबाद की ओर से आने वाले वाहन केशव चौकी से मझिया मोड़, दातागंज तिराहा, नवादा चौराहा (शहीद भगत सिंह चौक), पटेल चौक, आरटीओ चौराहा और मेडिकल तिराहा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। कासगंज, मथुरा और एटा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी यही मार्ग निर्धारित किया गया है।
बिल्सी, बिजनौर और संभल की ओर से आने वाले वाहनों को आरटीओ चौराहा, पटेल चौक, नवादा चौराहा, मझिया मोड़ और केशव चौकी होते हुए निकाला जाएगा। रोडवेज बसों के लिए भी नए रूट तय किए गए हैं। बदायूं से उसावां, ककराला और फर्रुखाबाद की ओर जाने वाली रोडवेज बसें पुलिस लाइन चौराहा (भामाशाह चौक) से इंद्रा चौक, दातागंज तिराहा, मझिया मोड़ और केशव चौकी होते हुए संचालित होंगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने बिल्सी मोड़, दातागंज तिराहा, पुलिस लाइन चौराहा, जेल तिराहा, संतोष सिंह तिराहा और मंडी चौकी चौराहा को डायवर्जन प्वाइंट के रूप में चिन्हित किया है। मरम्मत कार्य पूरा होने तक शहरवासियों और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करना होगा। पुलिस ने बताया कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों पर यातायात कर्मियों की तैनाती भी की जाएगी।

