RTM सोसाइटी द्वारा सैदपुर में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। शासन द्वारा संचालित “ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम अनुपालन एवं जन जागरूकता अभियान” के प्रथम सप्ताह के चतुर्थ दिवस के अंतर्गत कस्बा सैदपुर स्थित के.के. कॉन्वेंट स्कूल में विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित किया गया। जिसका क्रियान्वयन RTM सोसाइटी फॉर डेवलपमेंट द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कचरा पृथक्करण (गीला, सूखा, घरेलू हानिकारक एवं सैनिटरी अपशिष्ट) के वैज्ञानिक एवं सही प्रबंधन की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही स्वच्छता के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिक उत्तरदायित्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता विषयक ड्राइंग प्रतियोगिता एवं स्वच्छता क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों ज़ोया खान, अलीशा खान, मानवी शंखधार, सेजल, अरवान खान एवं इंशा रहमानी को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छता जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसके माध्यम से नगरवासियों को स्वच्छता अपनाने, कचरे का पृथक्करण करने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। इसके पश्चात सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनवर अली खान उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में कैशन अली, कादरी दारुल उलूम वज़ीरगंज के प्रधानाचार्य, प्रधानाचार्य फ़ैसल खान, पंकज शर्मा, मेराज अहमद, इशाक हुसैन एवं ज़ीशान सिद्दीकी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सोसायटी की संस्थापक रिदा खान ने किया। वहीं मुशीर अली, नगर पालिका सैदपुर के सभासद आज़म हुसैन, निशू खान एवं संस्था के अन्य पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *