बदायूं में किसान की गंगा में डूबकर मौत, गोताखोरों ने घंटों की मशक्कत के बाद निकाला शव

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। एक किसान की सोमवार दोपहर गंगा में डूबकर मौत हो गई। कादर चौक थाना क्षेत्र के रामसहाय गंगा घाट पर यह हादसा हुआ। जोरी नगला गांव के रहने वाले 59 वर्षीय डालचंद्र अपनी पांच भैंसों को चराने गंगा किनारे गए थे।
भैंसें गंगा में उतरकर दूसरी तरफ चली गईं। काफी देर तक जानवर नहीं लौटे तो उन्हें वापस लाने के लिए डालचंद्र भी नदी में उतरे। वे कुछ आगे बढ़े ही थे कि तेज बहाव में उनके पैर फिसल गए। संभलने से पहले ही वो गंगा की धार में बह गए। पास में मौजूद गोताखोरों ने उनका पीछा किया। लेकिन बहाव काफी तीव्र होने के कारण डालचंद्र हाथ नहीं आए। इसके बाद गोताखोर नाव लेकर उनके पीछे गए। ढाई घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें निकाला जा सका। तब तक डालचंद्र की मौत हो चुकी थी।
पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डालचंद्र किसानी के साथ-साथ दुधारू पशु भी पालते थे। दूध बेचकर वे अपने परिवार का खर्च चलाते थे। लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा का बहाव तेज हो गया है। आज गंगा खतरे के निशान से चार सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। नरौरा, बिजनौर और हरिद्वार से छोड़ा गया लगभग ढाई लाख क्यूसेक पानी यहां पहुंचने पर स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *