बदायूँ जनमत। विगत पांच अगस्त से आठ अगस्त को ग्रेटर नोएडा स्थित सेंट जाॅर्ज स्कूल में, केंद्रीय माध्यामिक शिक्षा बोर्ड द्वारा सीबीएसई नार्थ जाॅन-01 गर्ल्स क्रिकेट प्रतियोगिता-2025 आयोजित की गई। जिसमें ब्लूमिंगडेल स्कूल बदायूं की छात्रा संस्कृति राज भारती कक्षा – आठ, स्वरा संग्राम जाधव कक्षा- आठ, सांझी कक्षा- सात एवं मानवी कक्षा- छह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीबीएसई कलस्टर नेशनल के लिए क्वालीफाई किया एवं गोल्ड मेडल हासिल किये। इनके साथ ही खुशी रानी एवं विदुशी कक्षा- आठ ने सिल्वर मेडल जीते। सभी चयनित एवं गोल्ड मेडलिस्ट बालिकाएं सितम्बर माह में भोपाल में सीबीएसई राष्ट्रीय टीम में चयन के लिए भागीदारी करेंगी।
छात्राओं की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर अभिभावकों सहित समस्त ब्लूमिंगडेल विद्यालय परिवार गौरवान्वित है। इस अवसर पर स्कूल की अध्यक्षा पम्मी मेंहदीरत्ता व निदेशक ज्योति मेंहदीरत्ता ने सभी छात्राओं को बधाई देकर उत्साहवर्धन किया। साथ ही मैनेजिंग हेड ईशान मेंहदीरत्ता व श्वेता मेंहदीरत्ता सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव सिंह राठौर व उपप्रधानाचार्य परशुराम मिश्रा ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए आगे भी अच्छे प्रदर्शन के लिये प्रेरित किया। विद्यार्थियों की इस सफलता पर उनके कोच एवं शिक्षक सिराज अहमद एवं शैलेन्दी को भी सराहा गया। 


