बदायूं में युवक के ऊपर गिरा फर्राटा पंखा, करंट लगने से हुई मौत

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बीती रात एक युवक के ऊपर फर्राटा पंखा गिर गया। इससे करंट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया।
दातागंज के गांव नेता झुकसा निवासी सुनील कुमार मौर्य (26) पुत्र राम प्रसाद मौर्य विद्युत निगम में ऑपरेटर थे। वह बरेली जिले के सुभाष नगर स्थित उपकेंद्र पर तैनात थे। पिछले दिनों हुई कर्मचारियों की छंटनी में उन्हें नौकरी से हटा दिया गया था, तब से वह घर पर ही रह रहे थे। बीती रात करीब दो बजे वह चारपाई से उठकर शौचालय जा रहे थे। जब वह दरवाजे की ओर पहुंचे तो वहां रखे फर्राटा पंखे के तार उनके पैर में फंस गए। इससे वह फिसलकर जमीन पर गिर गए। इसके बाद पंखा उनके ऊपर गिर गया। पंखे में प्रवाहित करंट से वह बेहोश हो गए।
सुनील की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने आनन फानन विद्युत बोर्ड से पंखे का तार निकाला, लेकिन तब तक सुनील की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि सुनील अविवाहित थे। वह चार भाई व एक बहन में दूसरे नंबर के थे। रक्षाबंधन से पहले हुई भाई की मौत से बहन का रो-रोकर बुरा हाल था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *