बदायूं में SSP कार्यालय पहुंची महिला ने खाया जहर, गांव वालों पर उत्पीड़न का आरोप

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। दबंगों के उत्पीड़न से परेशान महिला ने बृहस्पतिवार को एसएसपी कार्यालय के बाहर जहर खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के ग्राम गुलड़िया के वार्ड संख्या 10 निवासी हरीश शर्मा ने बताया कि उनका परिवार को कुछ लोग परेशान कर रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि गांव में उनकी बिरादरी का अकेला परिवार होने के चलते उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। आए दिन गाली-गलौज, मारपीट, घर में घुसकर अभद्रता जैसी घटनाएं आम हो चुकी थीं।
हरीश शर्मा का कहना है कि उन्होंने कई बार मूसाझाग थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि शिकायतों को दबा दिया गया, जिससे आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए। लगातार हो रहे उत्पीड़न से टूट चुके परिवार ने आखिरकार गांव छोड़ने का फैसला कर लिया।

ट्रॉली में सामान लेकर पहुंचा था परिवार…

बृहस्पतिवार सुबह पूरा परिवार ट्रैक्टर-ट्रॉली में अपना सामान लादकर सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों के सामने अपनी आपबीती रखी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा के स्तर से मामले की जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया गया। इसी दौरान जब परिवार एसएसपी कार्यालय से बाहर निकलकर सिविल लाइंस कोतवाली के पास पहुंचा, तभी हरीश की पत्नी सुनीता ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने मूसाझाग थाना पुलिस को पूरे मामले की गहन जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *