बदायूं में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़; पैर में गोली लगने से घायल हुआ लुटेरा

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। बिसौली थाना पुलिस ने लूट की घटना में वांछित आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त बाइक तथा एक तमंचा के साथ कारतूस बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

लिफ्ट देने के बहाने की थी लूट…

एसपी ग्रामीण डॉ हृदेश कठेरिया ने बताया कि पांच मार्च को ग्राम शेखूपुरा के पास दो बदमाशों ने बिना नंबर प्लेट की बाइक पर एक व्यक्ति को लिफ्ट देने के बहाने उससे 5250 रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया था। इस मामले में थाना बिसौली में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़…

बुधवार रात पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी गंगा एक्सप्रेसवे के पास ग्राम भानपुर अंडरपास की ओर आने वाला है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक सवार संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिससे एक मुख्य आरक्षी घायल हो गया। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी ग्रामीण के मुताबिक पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम भूरा उर्फ नन्हे बताया। वह बिल्सी थाना क्षेत्र के ग्राम सदरपुर का रहने वाला है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर लिफ्ट देकर लूट की घटनाओं को अंजाम देता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *