बदायूॅं जनमत। खाद की किल्लत को लेकर भाकियू “टिकैत” ने युवा मंडल के बिसौली अध्यक्ष दिनेश यादव के नेतृत्व में ट्रैक्टरों से तिरंगा यात्रा निकाली। डीएपी और यूरिया नहीं मिलने पर 15 अगस्त को अधिकारियों को काले झंडे दिखाने की चेतावनी दी है।
बिसौली में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं ने किसानों की विभिन्न मांगों एवं डीएपी और यूरिया खाद नहीं मिलने पर अटल चौक से तहसील परिसर तक ट्रैक्टरों से तिरंगा यात्रा निकाली। रैली को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन के युवा मंडल अध्यक्ष दिनेश यादव ने कहा कि इस समय किसानों को डीएपी और यूरिया की अति आवश्यकता है। वहीं जिले में कहीं भी डीएपी और यूरिया नहीं मिल रही है। जिससे किसान परेशान है और लगातार व्यापारियों द्वारा किसानों का शोषण किया जा रहा है। दुकानदारों द्वारा ओवर रेट में जमकर खाद की कालाबाजारी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी के रूप में कहा कि अगर 15 अगस्त तक डीएपी और यूरिया खाद की केंद्रों पर व्यवस्था नहीं की गई तो तिरंगा भी लगाया जाएगा और आंदोलन भी किया जाएगा, साथ ही अधिकारियों को काले झंडे भी दिखाए जाएंगे।
