बदायूॅं जनमत। दो वर्ष पूर्व पैग़म्बरे इस्लाम हज़रत मुहम्मद साहब की पत्नी हज़रत अम्मा आयशा रदी० का आपत्तिजनक फोटो शेयर करने वाले सपा पदाधिकारी को आज फिर पार्टी की जिला कार्यकारिणी में जगह दी गई है। इससे मुस्लिम समाज में पार्टी के खिलाफ रोष व्याप्त है, लोग सोशल मीडिया पर तरह तरह बातें लिखकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि पूर्व जिलाध्यक्ष ने उसे 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया था। लेकिन, आज फिर उसे पदाधिकारी बनाकर सपा घिर गई है।
बता दें अगस्त 2021 को शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव बारीखेड़ा निवासी पूर्व प्रधान रामवीर सिंह कश्यप पुत्र कल्याण कश्यप ने अपनी फेसबुक आईडी से पैग़म्बरे इस्लाम हज़रत मुहम्मद साहब की पत्नी हज़रत अम्मा आयशा का बेहद आपत्तिजनक फोटो शेयर किया था। जिसको लेकर मुस्लिम समाज व मुहम्मद साहब में आस्था रखने वाले लोगों में भारी रोष था। उस समय आरोपी रामवीर कश्यप समाजवादी पार्टी में जिला उपाध्यक्ष था। लोगों ने उसके लिखाफ उसहैत थाने में तहरीर दी, वहां तैनात तत्कालीन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर चेतराम वर्मा ने एक्शन लेते हुए रामवीर को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं उसके खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृत हुआ था।
मामले की जानकारी होने पर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह यादव ने उसे छः साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। लेकिन, आज मंगलवार को सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने 51 सदस्यीय जिला कार्यकरिणी घोषित की है। जिसमें रामवीर कश्यप को जिला सचिव नियुक्त किया गया है। यह खबर सुनते ही जिले भर के मुसलमानों का जख्म हरा हो गया है और सोशल मीडिया पर सपा और रामवीर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। लोग तरह तरह की बातें लिख रहे हैं। लोगों का कहना है कि सपा कितनी बड़ी मुस्लिम हितैषी है इसका अंदाजा इसी हरकत से लगाया जा सकता है। 


