बदायूं में एक और हत्याकांड का खुलासा; दोस्त ने साथियों संग बाइक के लिए की हत्या, शव रामगंगा में फेंका

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। पुलिस ने युवक की हत्या का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान मुकेश के रूप में हुई है। आरोपियों में उसका दोस्त लालाराम भी शामिल है।
घटना 7 अगस्त की है। थाना वजीरगंज के गांव मलिन गौटिया निवासी मुकेश को उसका दोस्त लालाराम नई बाइक की दावत के बहाने बुलाकर ले गया। मुकेश वापस नहीं लौटा। 10 अगस्त को उसकी पत्नी मानवती ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। 13 अगस्त को तीनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण व हत्या की आशंका में मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि लालाराम पहले मुकेश को फैजगंज के सीकरी गांव ले गया। फिर अपने गांव नथपुरा शाहबाद, रामपुर पहुंचा। वहां से शराब पीने के बहाने ओसी गांव शाहबाद ले गया। वहां अमीर अहमद और आसिफ पहले से मौजूद थे।
तीनों ने मुकेश को शराब पिलाकर बेहोश किया। 8 अगस्त की सुबह चार बजे गला दबाकर हत्या कर दी। शव को कैलाश नाथ माही पुल से रामगंगा में फेंक दिया। आरोपियों ने मोटरसाइकिल बेचने की योजना बनाई थी। 18 अगस्त को पेट्रोल पंप पर तेल डलवाते समय मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपी पकड़े गए। लूटी गई बाइक भी बरामद कर ली गई है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। एसडीआरएफ की टीम नदी में शव की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *