बदायूॅं जनमत। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव बसई में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। दोपहर के समय तेज बारिश के दौरान शौचालय की दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई।रमाकांत की पत्नी वीरवाला (56) शौचालय गई थीं। इसी दौरान बारिश से कमजोर हो चुकी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। वीरवाला मलबे में दब गईं। उनकी चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम और पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका की बेटियां रचना और चांदनी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका का बेटा अतुल दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। वह घटना की जानकारी मिलते ही घर के लिए रवाना हो गया।

