बदायूॅं जनमत। जिलेभर में नशे का गोरखधंधा आम होता जा रहा है। परचून की दुकान से लेकर बसों के टिकिट काउंटर तक नशे का सामान बेचा जा रहा है। हाल ही में एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है जिसमें एक महिला अपने घर से पैसे लेकर नशे की पुड़िया देती नज़र आ रही है। यह सब पुलिस की सांठगांठ से होने का आरोप है।
वायरल वीडियो दातागंज क्षेत्र के गांव सुखौरा का बताया जा रहा है। जिसमें एक महिला पैसे लेकर अपने घर से नशे की पुड़िया देती दिखाई दे रही है। वीडियो चर्चा की विषय बनी हुई है। इसके अलावा क्षेत्र के कई गांव और कस्बों में अलग-अलग मादक पदार्थों की बिक्री होती है। क्षेत्र में कहीं सुल्फा तो कहीं परचून की दुकान पर शराब के पऊआ (क्वाटर) बिक रहे हैं। कस्बा उसहैत, अलापुर, ककराला, कादरचौक समेत शहर में भी नशे का कारोबार आम होता जा रहा है। उनके वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। जिसके बाद भी पुलिस अधिकारी कार्रवाई नहीं करते हैं। लोगों का आरोप है कि नशे का यह गोरखधंधा पुलिस की सांठगांठ से फल फूल रहा है।
उधर, दातागंज क्षेत्र के गांव सुखौरा में सोमवार को वायरल हुई वीडियो को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह से गांव में नशे की चीज बिकने से गांव में अधिकांश चोरी, झगड़ा आदि का ग्राफ बढ़ रहा है। वहीं कुछ दिन पहले उसहैत थाना क्षेत्र के गांव बबई भटपुरा में भी परचून की दुकान शराब के पऊआ बिकने की वीडियो वायरल हुई थी। जिसके बाद पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं इस संबंध में दातागंज कोतवाल गौरव विशनोई ने बताया कि वीडियो तो मैंने देखी है, लेकिन पुड़िया किसकी है, क्या नशा है। इसकी जांच करते हैं। जिसके बाद उन पर कार्रवाई की जाएगी।

