बदायूं में माहौल खराब करने की कोशिश, मजार की दीवार और जमीन पर लिखा श्रीराम, तनावपूर्ण माहौल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। आज गुरूवार को जिले में माहौल खराब करने की कोशिश की गई। बिनावर क्षेत्र के रंजौरा गांव के पास स्थित मजार की दीवार और जमीन पर अराजकतत्वों ने श्रीराम लिख दिया, जिससे माहौल गरमा गया। घटना की जानकारी होते ही हिंदू समुदाय के लोगों में रोष फैल गया और मौके पर भीड़ जुटने लगी। सूचना पाकर बिनावर पुलिस तुरंत पहुंची और मजार की दीवार और जमीन पर लिखे धार्मिक नारे को मिटवाया। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मजार की दीवार व जमीन पर धार्मिक नारे लिखना एक साजिश के तहत किया गया है, जिससे आपसी सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस तरह की हरकतें गांव का माहौल खराब करने के लिए की जा रही हैं। वहीं, हिंदू समुदाय के लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताई और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों समुदायों के लोगों से बातचीत की और मामले को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर लिखे गए नारों को मिटवाया और कहा कि इस संबंध में जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। बिनावर पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *