बदायूॅं जनमत। कादरचौक कस्बे के बाहर दीपसिंह के गन्ना कोल्हू के पीछे एक पेड़ पर 15 वर्षीय किशोर का कंकाल मिला है। मृतक की पहचान राजू के रूप में हुई है, जो बरेली के थाना आंवला के गांव मधुपुरी दुगोई का रहने वाला था।
राजू के माता-पिता की कोरोना काल में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उसकी बड़ी बहन सोनी, जो शाहजहांपुर के परौर में रहती है, उसे अपने घर ले गई। करीब डेढ़ महीने पहले राजू की दूसरी बहन संगीता उपाध्याय उसे बदायूं स्थित अपने घर ले आई। परिजनों का आरोप है कि राजू का बहनोई सोनू उपाध्याय शराब पीकर अपनी पत्नी संगीता को मारता था। राजू इसका विरोध करता था। 28 अगस्त को राजू अचानक लापता हो गया। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि सोनू उपाध्याय के पिता छोटेलाल की होमगार्ड में नौकरी होने के कारण मामले को दबा दिया गया।
राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को बुलाया। परिजनों ने सोनू उपाध्याय, उसके भाई हरबंस और पिता छोटेलाल पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

