बदायूॅं जनमत। दातागंज तहसील के कस्बा उसहैत में सरकारी और चारागाहों की भूमि पर दबंग लोग आए दिन कब्जा कर रहे हैं। वहीं जानकारी होने पर हल्का लेखपाल और तहसील प्रशासन संज्ञान भी ले रहा है, इसके बावजूद दबंगों के हौसले बुलंद हैं। इसके चलते आज शनिवार को उसहैत निवासी इरशाद हुसैन पुत्र इनायत हुसैन ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने बताया कि उसहैत करीमनगर मार्ग पर स्थित गाटा संख्या 826 कृषि भूमि है। जो श्रेणी 6-4 पशुचर भूमि के रूप में दर्ज है। कुछ दबंग लोगों ने इस भूमि पर कब्जा कर तार की बाढ़ लगाकर यूकेलिप्टस के पेड़ लगा दिए हैं। पशुचर भूमि पर तारबंदी कर कब्जा करने से आसपास के किसानों को अपने खेतों पर आने-जाने में परेशानी होती है। उन्होंने भूमि को कब्जा मुक्त कराने और दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इसके अलावा ग्राम बीलामई स्थित कृषि भूमि गाटा संख्या 90 चकमार्ग है। जिसे आसपास के काश्तकारों ने जोतकर अपने खेतों में मिला लिया है। उसे भी कब्जा मुक्त कराने को लेकर तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र दिया गया है।

