18 लाख की लागत से बना आधुनिक पालिकाध्यक्ष कक्ष, फात्मा रज़ा ने फीता काटकर किया उद्घाटन

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। नगर पालिका परिषद के प्रशासनिक ढांचे को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। लगभग 18 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए आधुनिक पालिकाध्यक्ष कक्ष का नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रज़ा ने फीता काटकर लोकार्पण किया। लोकार्पण के उपरांत उन्होंने अपने नवनिर्मित एवं अत्याधुनिक कक्ष में बैठकर कार्यभार भी संभाला।
लोकार्पण के बाद पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने नए कक्ष का निरीक्षण किया और उपस्थित अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यालय की नई कार्यप्रणाली पर चर्चा की। समारोह में मौजूद लोगों ने आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस कक्ष की सराहना करते हुए इसे नगर पालिका के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने कहा कि पालिका केवल विकास कार्यों को कराने वाली संस्था नहीं, बल्कि आम जनता की समस्याओं के समाधान का प्रमुख केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याओं और आवश्यक कार्यों को लेकर नगर पालिका कार्यालय पहुंचते हैं। ऐसे में यह आवश्यक था कि कार्यालय का वातावरण आधुनिक, व्यवस्थित और जनहित के अनुरूप बनाया जाए। इसी सोच के साथ पालिकाध्यक्ष कक्ष का आधुनिकीकरण कराया गया है।
उन्होंने बताया कि लगभग 18 लाख रुपये की लागत से तैयार इस आधुनिक कक्ष में उच्च गुणवत्ता की फॉल्स सीलिंग, आकर्षक एलईडी प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक फ्लोरिंग, नई विद्युत वायरिंग, बेहतर वातानुकूलन व्यवस्था, आधुनिक फर्नीचर, आगंतुकों के लिए आरामदायक बैठक व्यवस्था, डिजिटल मीटिंग सिस्टम तथा अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे प्रशासनिक बैठकों का संचालन अधिक व्यवस्थित होगा तथा निर्णय लेने की प्रक्रिया में भी तेजी आएगी।
फात्मा रज़ा ने कहा कि किसी भी संस्था की कार्यक्षमता उसके कार्य वातावरण पर निर्भर करती है। आधुनिक कार्यालय कर्मचारियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करता है। इसका सीधा लाभ जनता को मिलेगा, क्योंकि शिकायतों का निस्तारण अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका शहर के विकास के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था को भी आधुनिक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता, पार्कों के सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्यों के साथ अब कार्यालयों के आधुनिकीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि पालिका भवन शहर की महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहचान है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों नागरिक विभिन्न कार्यों के लिए आते हैं। इसलिए भवन का प्रत्येक हिस्सा स्वच्छ, सुव्यवस्थित, तकनीकी रूप से सक्षम और जनसुविधाओं के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने बताया कि पालिकाध्यक्ष कक्ष के आधुनिकीकरण के बाद नगर पालिका भवन के अन्य कार्यालयों का भी चरणबद्ध तरीके से नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण कराया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि नए कक्ष में डिजिटल संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया गया है, जिससे बैठकों का संचालन अधिक प्रभावी होगा और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता के साथ गति भी आएगी। आधुनिक बैठक व्यवस्था एवं तकनीकी सुविधाओं से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
इस मौके पर सभासद रवि, भूदेवी चंदेल, प्रेमलता सिंह, लियाकत अली खां, ममता, राजीव नारायण रायजादा, शाजमा, मोहम्मद अनवर, अनवर खां, मनोज, किशोर, जया साहू, जीनत बी उर्फ जीनत बेगम, कनीज फात्मा, अख्तरी, मोहित सक्सेना समेत तमाम कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *