लापरवाही; ट्यूबवेल की लीकेज से गढ्ढे में भरा पानी, ढाई साल की बच्ची की डूबकर मौत

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव अंधरऊ में शनिवार दोपहर एक ढाई वर्षीय बच्ची की खंती में भरे पानी में डूबने से मौत हो गई। यह घटना दोपहर लगभग तीन बजे हुई। बताया जा रहा है कि खंती में सरकारी ट्यूबवेल के लीकेज के कारण पानी भरा हुआ था।
बच्ची की मां अपने बच्चों को लेकर खेत पर काम करने गई थी। उसने बच्चों को खेत में एक तरफ बैठा दिया और अपना काम करने लगी। इसी दौरान बच्ची खेलते-खेलते खंती की ओर चली गई और उसमें गिर गई। जब दिनेश की पत्नी काम खत्म कर घर जाने के लिए उठी, तो उसने बच्ची को वहां नहीं पाया। काफी तलाश करने पर उसकी नजर खंती में पड़ी, जहां बच्ची डूबी हुई मिली। परिजनों ने तुरंत बच्ची को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पास में ही एक सरकारी ट्यूबवेल है, जिससे पानी का रिसाव होता रहता है। इसी रिसाव के कारण खंती में पानी भरा रहता था। बच्ची दिनेश राठौर की सबसे छोटी बेटी थी। दिनेश के तीन बेटियां और एक बेटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *