कासगंज जनमत। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने में लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने सख्त कदम उठाते हुए कोतवाली कासगंज के प्रभारी निरीक्षक प्रवेश राणा तथा नदरई चौकी प्रभारी धीरेन्द्र सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों अधिकारियों पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में असफल रहने, संगीन अपराधों के अनावरण के लिए अपेक्षित प्रयास न करने तथा उच्चाधिकारियों के निर्देशों का पालन न करने के आरोप हैं। साथ ही अपने पदेन दायित्वों के निर्वहन में रुचि न लेने और अपेक्षित आचरण न करने को गंभीर मानते हुए यह कार्रवाई की गई है।
एसपी ओ.पी. सिंह ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य में शिथिलता बरतने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

