बदायूॅं जनमत। थाना अलापुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत चंदीफाजिल से जुड़े फाजिल नगला गांव में नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थिति में घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना सोमवार रात की है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विवाहिता की हत्या कर फंदे पर लटकाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जिला शाहजहांपुर के थाना मदनापुर के गांव हरचंदपुर निवासी राम सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी सुजाता 26 का विवाह मई 2025 में अलापुर थाना क्षेत्र के फाजिल नगला निवासी राहुल कुमार के साथ किया था। उनका आरोप है कि ससुराल वाले उसे दहेज के प्रताड़ित करते रहते थे। सुजाता की मौत के बाद मायके वाले सूचना पर मौके पर पहुंच गए। जब वह मौके पर पहुंचे तो मृतका का पूरा परिवार घर छोड़कर भाग गया था।
मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया है। आरोप है कि शादी के बाद से ही सुजाता को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना वाले दिन भी मारपीट की गई। उसके बाद हत्या कर दी गई और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इंस्पेक्टर माधौ सिंह बिष्ट का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मायके पक्ष के आरोपों के मद्देनजर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

