बदायूॅं जनमत। सहसवान कोतवाली पुलिस ने सोमवार देर रात एक वांछित गोकशी के आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। आरोपी शकील अहमद पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान आरोपी और एक पुलिस कर्मी घायल हो गए। सिपाही आलोक कुमार को आरोपी की गोली लगी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए।
घटना भीकमपुर रोड पर हुई, जहां मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की थी। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल होकर गिर पड़ा। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों शमशेर, आमिर, बहारे आलम, ओमेंद्र और बाबू के साथ विभिन्न स्थानों पर गोकशी करता था। गोवंशीय पशुओं की बिक्री से प्राप्त रुपये आपस में बांट लेते थे।
एसपी देहात ह्रदेश कठेरिया के बताया कि आरोपी के खिलाफ गोकशी और आर्म्स एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। घायल आरोपी और सिपाही दोनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मामला 13 और 14 सितंबर को गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने के बाद दर्ज किया गया था। पुलिस पहले ही इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

