बदायूं में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़, पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। जिले के एक गांव में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और शिकायत करने पर उसके घर में घुसकर धमकाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला कुंवरगांव थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी वजीरगंज कस्बे के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा है। वह रोजाना साइकिल से स्कूल आती-जाती है। परिजनों का आरोप है कि रास्ते में कुछ युवक उसे देखकर फब्तियां कसते थे और अश्लील हरकतें करते थे, जिससे छात्रा मानसिक तनाव में रहने लगी थी। आरोपियों की पहचान थाना क्षेत्र के गांव गरुईया निवासी अभिषेक पुत्र मुकेश, सोनू पुत्र देवसिंह, दीपांशु पुत्र मनोज और कौशल पुत्र रवेन्द्र उर्फ देवेन्द्र के रूप में हुई है। जब छात्रा के परिजनों ने इन युवकों के घरवालों से शिकायत की, तो चारों आरोपी गुस्से में पीड़ित परिवार के घर पहुंच गए।
परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने घर में घुसकर गाली-गलौज की, छात्रा और उसकी मां के साथ अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। छात्रा के परिजनों की शिकायत पर कुंवरगांव थाने में चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष राजेश कौशिक ने बताया कि मामला संज्ञान में है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *