बदायूं में ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर बुजुर्ग महिला की मौत, बैक करते समय चढ़ा ट्रॉली का पहिया

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। एक बुजुर्ग महिला की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका की पहचान 70 वर्षीय रामकली पत्नी थम्मन के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुंवरगांव थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव में पानी की टंकी के निर्माण स्थल पर हुआ। निर्माण कार्य के लिए आज एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से सामग्री लाई गई थी। ट्रैक्टर चालक जब ट्रॉली को पीछे कर रहा था, तभी वहां से गुजर रही रामकली उसकी चपेट में आ गईं। बताया जा रहा है कि ट्रॉली का पिछला पहिया उन पर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही महिला के परिजन और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। कुंवरगांव थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। साथ ही, दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त कर लिया गया है। थानाध्यक्ष राजेश कौशिक ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *