बदायूॅं जनमत। मेरठ हाईवे पर लालपुल के पास एक बड़ा सिकंदराराऊ डिपो की रोडवेज बस ने सड़क पार कर रहे एक युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
उधर, मौके से गुजर रहे मोहल्ला कूंचा पांडा निवासी अनुराग शर्मा ने घायल युवक को सड़क से उठाया। उन्होंने तुरंत मदद के लिए यूपी-112 और एंबुलेंस 108 पर कॉल की, लेकिन पुलिस या एंबुलेंस कोई नहीं पहुंची। इसके बाद अनुराग ने घायल युवक को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस बाद में पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद रोडवेज बस चालक बस लेकर भागने लगा था। हालांकि, पीछे आ रही कार सवारों ने कुछ दूरी पर जाकर ड्राइवर को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घायल युवक अभी तक अपना नाम और पता नहीं बता पा रहा है।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अमित वार्ष्णेय ने बताया कि घायल को अस्पताल तक लाने वाले अनुराग शर्मा को शासन की ‘गुड सेमेटरन’ योजना के तहत सम्मानित किया जाएगा। यह कदम अन्य लोगों को भी ऐसे नेक कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

