बरेली बवाल; नफीस के बरातघर पर चला बुलडोजर, तौकीर को शरण देने वाले फरहत के घर समेत चार दुकानें सील

उत्तर प्रदेश

बरेली जनमत। बवाल के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जिला प्रशासन ने उनकी अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई तेज कर दी है। बीडीए ने शनिवार को आरोपी डॉ. नफीस के जखीरा स्थित बरातघर रज़ा पैलेस पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की। यहां कार्रवाई करने से पहले भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया। उधर, फाइक एन्कलेव में मौलाना तौकीर रजा को शरण देने वाले फरहत के मकान को सील कर दिया गया है। नौमहला मस्जिद के पास चार दुकानें सील की गई है। वहीं सैलानी में अतिक्रमण पर नगर निगम का बुलडोजर से चला है।
डॉ. नफीस और उसके बेटे को जेल भेजा जा चुका है। उसकी मार्केट को बवाल के बाद सील कर दिया गया था। अब उसके बरातघर पर कार्रवाई हुई है। शनिवार दोपहर जखीरा स्थित बरातघर रज़ा पैलेस पर भारी पुलिस बल तैनात हो गया। मौके पर पहुंचे किला इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि आला अधिकारियों के निर्देश पर फोर्स तैनात की गई है। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी या सीलिंग की इसकी जानकारी नहीं है। कुछ देर बाद जिला प्रशासन और बीडीए के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
बीडीए की टीम ने तीन बुलडोजरों से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की। सबसे पहले बुलडोजर से बरातघर का गेट तोड़ा गया। इसके बाद अन्य हिस्से पर कार्रवाई की गई। बाद में एक और बुलडोजर बुलाया गया। चार बुलडोजरों से पूरे बरातघर को जमींदोज कर दिया गया। इस कार्रवाई से खलबली मची रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *