बदायूॅं जनमत। मथुरा के नौहझील से अब्दुल्लागंज में रासलीला का मंचन करने जा रहे कलाकारों के पिकअप वाहन को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 12 कलाकार घायल हो गए। डीजल खत्म हो जाने पर चालक ने वाहन सड़क पर ही खड़ा कर दिया था।
हादसा मंगलवार तड़के उझानी क्षेत्र में करीब चार बजे दिल्ली हाईवे पर बसावनपुर के पास हुआ। पिकअप सवार कलाकार नौहझील के गांव इरौली निवासी उमेश (38), मौनी (28), देवदत्त (50), रोहित (22), मयंक (25), अमरचंद (30), अजय (25), अलीगढ़ जिले में खैर निवासी कान्हा उपाध्याय (28), सहसवान के गांव दौलतपुर निवासी दिव्यांग धर्मपाल समेत 12 लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद ट्रक भगा ले गया चालक…
उमेश ने बताया कि डीजल खत्म होने पर वाहन सड़क पर रुक गया था। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक भगा ले गया। पिकअप चालक की लापरवाही भी सामने आई है। सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी में प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्साधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि छह घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

