बदायूॅं जनमत। करंट लगने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। यह हादसा वजीरगंज थाना क्षेत्र के कर्रगांव में हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं।
घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे हुई। मृतका की पहचान मंजू देवी (50) के रूप में हुई है, जो कर्रगांव की निवासी थीं। उनके पति सुरेंद्र सिंह नोएडा में सिक्योरिटी गार्ड का काम करते हैं और उनका बेटा भी उनके साथ वहीं रहता है। मंजू देवी गांव में अकेली रहती थीं। बताया गया है कि दोपहर के समय मंजू देवी चारपाई पर लेटी थीं और गर्मी से राहत पाने के लिए उन्होंने पंखा चला रखा था। अचानक यह पंखा उन पर आ गिरा। पंखे में करंट दौड़ रहा था, जिसकी चपेट में आने से मंजू बुरी तरह झुलस गईं।
उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें करंट से अलग किया। इसके बाद उन्हें तुरंत डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही दोपहर बाद परिजन भी गांव पहुंच गए।


