बदायूॅं जनमत। पुलिस ने शुक्रवार को चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि यह गिरफ्तारी मुठभेड़ के बाद हुई, जिसमें बदमाशों ने बिल्सी पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग भी की थी। पकड़े गए बदमाश बरेली के रहने वाले हैं। उनके पास से तमंचे, कारतूस और 2.70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
एसपी देहात हृदेश कठेरिया ने बताया कि पुलिस टीम नरैनी चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ‘प्रेस’ लिखा एक पिकअप वाहन आता दिखा। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। वाहन में बैठे दो लोगों ने पुलिस टीम पर तमंचों से फायर भी किए।
तलाशी में तमंचे, कारतूस और नकदी बरामद…
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बदमाशों को बडनोमी तिराहे के पास पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से तीन तमंचे, कारतूस और नकद राशि बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मनुआ, आजिम मियां, बनिया और हनीफ बताए। ये सभी बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र के अगूरी टाडा गांव के निवासी हैं।
आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि वे पिकअप वाहन से मछली बेचने का काम करते हैं और इसी की आड़ में चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले उझानी में चोरी की थी, जबकि करीब 20 दिन पहले बिल्सी थाना क्षेत्र के हरदासपुर और पिंडोल गांवों में भी दो घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। बरामद की गई रकम चोरी की है।
बिल्सी क्षेत्र में दो जगह की चोरी…
पुलिस के अनुसार, बरामद 2.70 लाख रुपये बिल्सी इलाके से दो जगहों से चोरी किए गए थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुठभेड़, आर्म्स एक्ट और माल बरामदगी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

