खाद्य सुरक्षा विभाग ने बदायूं, उसहैत और कछला में की छापामारी, 04 नमूने लिए, 12 क्विंटल तेल सीज किया

उत्तर प्रदेश

बदायूँ जनमत। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत आम जनमानस को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों की उपलब्धता के लिए जनपद में मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अन्तर्गत मंगलवार को जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से विभिन्न खाद्य परिसरों से चार खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच को भेजे गए।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा सीएल यादव ने बताया कि कस्बा उसहैत की घास मण्डी बाजार स्थित अजय पाल के प्रतिष्ठान से एक सरसों तेल का नमूना तथा शेष लगभग 1200 किग्रा सरसों तेल को सीज किया गया। इसके अलावा शहर के मोहल्ला जालंधरी सराय स्थित जय अम्बे ट्रेडर्स के प्रतिष्ठान से एक घी का नमूना लिया गया। कछला चौराहा स्थित बांके बिहारी मिष्ठान भण्डार से एक सोन पापड़ी का नमूना लिया गया। कछला चौराहा स्थित सोनू मिष्ठान भण्डार से एक बर्फी का नमूना संग्रहित कर साफ-सफाई के सम्बन्ध में सुधार नोटिस देने की संस्तुति दी गई।
उन्होंने बताया कि संग्रहित किए गए चारों नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अन्तर्गत अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।
टीम में सहायक आयुक्त (खाद्य) सीएल यादव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी सिंह एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण भगवत सिंह, खुशीराम, राजेन्द्र नाथ मिश्रा, माता शंकर बिंद, करन सिंह, प्रमोद कुमार, सीमा यादव एवं प्रिया त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *