बदायूॅं जनमत। उसहैत थाना क्षेत्र में स्थित अटैना गंगा घाट पर कलश विसर्जन के दौरान एटा जिले का एक युवक गहरे पानी में डूब गया। युवक की पहचान 35 वर्षीय दुर्वेश शाक्य के रूप में हुई है। पुलिस और गोताखोरों की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
घटना उसहैत थाना क्षेत्र के अटैना गंगा घाट पर हुई। एटा जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव अखसारी से कुछ लोग पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप वाहन में सवार होकर श्रीमद् भागवत कथा के बाद कलश विसर्जन के लिए आए थे। इसी दौरान दुर्वेश शाक्य (35), पुत्र श्यामलाल शाक्य, गंगा में स्नान करने लगा। स्नान करते समय दुर्वेश गहरे पानी में चला गया और डूब गया। जैसे ही उसे डूबते देखा गया, उसके साथ आए लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह गंगा में ओझल हो चुका था।
सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की। दुर्वेश के डूबने के बाद उसके साथ आए लोग और आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। पुलिस ने बताया कि एटा से आए ये लोग भागवत कथा और कलश विसर्जन में शामिल थे।
थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि बचाव अभियान जारी है और युवक की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को जल्द से जल्द ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है।

