बदायूं में हाईवे पर खड़े ट्रक से भिड़ी रोडवेज बस; ITBP के जवान और चालक की मौत, 9 लोग गंभीर घायल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। उझानी कोतवाली क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर मंगलवार रात वितरोई मोड़ के पास खड़े ट्रक से रोडवेज बस टकरा गई। टक्कर लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। रोडवेज बस में सवार आईटीबीपी के जवान धर्मेंद्र कुमार (45 वर्ष) और बस चालक हाकिम सिंह (56 वर्ष) की मौत हो गई। धर्मेंद्र कुमार मैनपुरी के घिरौर थाना क्षेत्र के गांव गोछना के निवासी थे। बस चालक हाकिम सिंह आगरा जिले के सैंया थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। हादसे में नौ लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।
जानकारी के मुताबिक आगरा फाउंड्री डिपो की बस उत्तराखंड के हल्द्वानी जा रही थी। बस में करीब 45 यात्री सवार थे। हादसे में कई लोग चोटिल भी हुए हैं। सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर सर्वेश कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद नौ गंभीर घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों में आगरा निवासी राम अवतार, अलीगढ़ निवासी गोपाल शर्मा, उनकी (18) वर्षीय बेटी अंजू, बरेली निवासी तनवीर (18) पुत्र अब्दुल, अफरीद (19) पुत्र अब्दुल, एकनाथ (55) पुत्र ब्रजराज, महाराष्ट्र के शोलापुर निवासी दीपाली (21) पुत्री दत्तात्रेय, अलीगढ़ निवासी कमला देवी पत्नी रामचंद्र शामिल हैं। हादसे के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *