बदायूं में अब कचरे का होगा वैज्ञानिक उपचार; लीगेसी वेस्ट निस्तारण परियोजना का फात्मा रज़ा ने किया शुभारंभ

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। नगर पालिका ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रसूलपुर स्थित डंपिंग ग्राउंड पर करीब एक करोड़ रुपये की लागत से लीगेसी वेस्ट साइट के रिमेडिएशन (उपचार) कार्य का मंगलवार को पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने फीता काटकर परियोजना का उद्घाटन किया। नगर पालिका की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य वर्षों से जमा पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कर क्षेत्र को प्रदूषणमुक्त बनाना है। लंबे समय से रसूलपुर डंपिंग ग्राउंड पर जमा लीगेसी वेस्ट स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। कचरे से उठने वाली दुर्गंध, जहरीली गैसें और प्रदूषण के चलते आसपास के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। अब इस परियोजना के शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने बताया कि नगर पालिका ने इस कार्य की जिम्मेदारी ‘श्री कामद इंटर प्राइजेज’ कंपनी को सौंपी है। कंपनी आधुनिक मशीनों और प्रशिक्षित कर्मचारियों की सहायता से वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर कचरे का उपचार करेगी। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत प्रतिदिन लगभग 60 मीट्रिक टन लीगेसी वेस्ट का निस्तारण किया जाएगा। इससे धीरे-धीरे वर्षों से जमा कचरा पूरी तरह समाप्त हो जाएगा और नगर क्षेत्र को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा। पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने कहा कि उनका विजन बदायूं को एक आदर्श, व्यवस्थित और सुंदर नगर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि नगर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। शहर में सड़क कनेक्टिविटी बेहतर बनाने, पार्कों का विकास कराने, मुख्य मार्गों पर डिवाइडर निर्माण, हरित पट्टी विकसित करने तथा सौंदर्यीकरण के कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। आने वाले समय में शहर की आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। घरों और बाजारों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित स्थानों पर डालना चाहिए तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि नागरिक जागरूक होकर सहयोग करें तो बदायूं को प्रदेश के स्वच्छ और सुंदर शहरों में शामिल किया जा सकता है।
अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप शहरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बदायूं नगर पालिका भी इसी दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। भविष्य में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी योजनाएं लागू की जाएंगी, ताकि नगरवासियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
इस मौके पर कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार, निर्माण लिपिक सचिन सक्सेना, लवी कुमार, लिपिक नवैद इकबाल गनी, जितेन्द्र सक्सेना, गजेन्द्र शाक्य आदि उपस्थित रहे।

बटन दबाकर परियोजना का उद्घाटन करती हुईं पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा : जनमत एक्सप्रेस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *