बदायूं में बारात में जातिसूचक गाने बजाने पर बवाल, विरोध करने वालों को दौड़ाकर पीटा

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। शनिवार रात को बारात चढ़त के दौरान जातिसूचक गाने को लेकर बवाल हो गया। हमलावरों ने विरोध कर रहे युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जान बचाने के लिए युवक पड़ोसी महिला के घर में घुस गए। इसके बाद भी हमलावर शांत नहीं हुए और घर में घुसकर मारपीट की। सूचना मिलते ही आनन-फानन में पुलिस पहुंची, तब मामला शांत हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिले के सरैरा गांव के रहने वाले विद्यारत्न की बेटी की बारात शनिवार रात को नागर पुखरा गांव से आई थी। बारातियों को नाश्ता-पानी कराया गया। इसके बाद रात करीब 11 बजे बारात चढ़ रही थी। इसी दौरान डीजे पर तेज आवाज में जातिसूचक गाना बज रहा था। काफी देर तक गाना बजता रहा। पीड़ित पक्ष के अनुसार, उन्होंने आवाज कम करके गाना बजाने के लिए कहा। इससे आरोपी पक्ष के लोग गुस्से में आ गए। उन्होंने आव देखा न ताव, शिकायत करने वाले लोगों को पीटना शुरू कर दिया। भीड़ की मारपीट से बचने के लिए युवक पड़ोसी महिला के घर में घुस गए। आरोपियों ने महिला के घर में भी घुसकर युवकों को पीटा।
यही नहीं आरोपियों ने पीड़ित के घर में घुसकर महिला और अन्य लोगों के साथ मारपीट की। पूरे परिवार को आरोपियों ने पीटा। घर पर पथराव किया। पथराव के दौरान भगदड़ मच गई। वहीं, किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामला शांत कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *