बदायूं राजकीय मेडिकल कॉलेज में नवप्रवेशित MBBS के छात्रों के लिए ‘सफेद कोट समारोह’ का आयोजन

स्वास्थ्य

बदायूॅं जनमत‌। राजकीय मेडिकल कॉलेज में आज सोमवार को एम.बी.बी.एस. 2025 बैच के नवप्रवेशित छात्रों के लिए सफेद कोट समारोह एवं ऑपरेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। समारोह नवागंतुक विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे की गरिमा, जिम्मेदारी और सेवा-भाव से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य एवं अधिष्ठाता डॉ. अरुण कुमार तथा उप-प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ किया गया। उप-प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह ने विद्यार्थियों को प्रेज़ेंटेशन के माध्यम से कॉलेज की शैक्षणिक, अनुसंधान एवं सामाजिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को बताया कि कैसे यह संस्था न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करती है, बल्कि विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन और मानवीय मूल्यों का भी विकास करती है। इसके उपरांत, सभी विभागाध्यक्षों ने विद्यार्थियों को सफेद कोट पहनाकर उन्हें कर्तव्यनिष्ठा, सेवा भावना एवं मानवता के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
प्रधानाचार्य एवं अधिष्ठाता डॉ. अरुण कुमार ने कहा यह सफेद कोट केवल एक वस्त्र नहीं है, यह पवित्रता, ईमानदारी और विश्वास का प्रतीक है। यह हमें याद दिलाता है कि हमारा हर निर्णय किसी के जीवन को प्रभावित करता है। उन्होंने महात्मा गांधी जी का प्रेरक उद्धरण साझा किया “खुद को खोजने का सबसे अच्छा तरीका है – खुद को दूसरों की सेवा में खो देना।” उन्होंने यह भी कहा कि मेडिकल शिक्षा की यह पांच वर्ष की यात्रा कठिन जरूर है, परंतु यही यात्रा उन्हें डॉक्टर नहीं, बल्कि एक संवेदनशील और करुणामय इंसान बनाएगी।
कार्यक्रम के दौरान एम.बी.बी.एस. छात्रों द्वारा कविता, भाषण एवं गीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे समारोह का माहौल उल्लासपूर्ण और प्रेरणादायक बन गया। कार्यक्रम का संचालन डाॅ. मुकत्याज हुसैन (विभागाध्यक्ष, एनाटॉमी विभाग) द्वारा किया गया। इसी क्रम में एनाटॉमिकल रंगोली प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को प्रमाणपत्र, मेडल एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से डाॅ. एस.के. मिश्रा, डाॅ. मनीष कुमार, डाॅ. वशिष्ठ मिश्रा, डाॅ. अमृता वाजपेयी, डाॅ. सुचेता यादव, डाॅ. अभिषेक कुमार, डाॅ. शिवम कामठान, डाॅ. लालेन्द्र यादव, डाॅ. श्रवण कुमार भार्गव, डाॅ. पारूल सक्सेना, डाॅ. अर्जित गंगवार, डाॅ. पुनीत कुमार, डाॅ. वैशाली, डाॅ. श्वेता कनौजिया, डाॅ. मिदत्त अली खान, डाॅ. निगार फातिमा, तथा संकाय सदस्य संदीप कुमार सिंह, ममता आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *