बदायूं में सपा नेता शिवपाल सिंह यादव योगी सरकार पर बरसे, बदायूं के भाजपा विधायकों को बताया लुटेरा

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि बिहार में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं वहां पर निश्चित रूप से तेजस्वी की सरकार बनेगी। भाजपा पर बरसते हुए शिवपाल ने कहा कि भाजपा की सरकार व नेताओं ने बिहार समेत पूरे देश को लूट रखा है। खासकर उत्तर प्रदेश में लूटखोरी चरम सीमा पर है।
शिवपाल सिंह यादव सोमवार को बदायूं शहर में सपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रचित गुप्ता के कार्यालय उद्घाटन के लिए पहुंचे थे। यहां पर उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि यूपी में भाजपा की सरकार बनने के बाद आज गुजरात की कंपनियां आकर यहां काम कर रहीं हैं। वह यहां पर भारी कमीशन देकर काम कर रहे है। इतना घटिया काम हो रहा है कि सड़कें एक से दो साल भी नहीं चल पा रहीं। महिला टीम के विश्वकप क्रिकेट जीतने पर शिवपाल यादव ने कहा कि महिला टीम को हम बधाई देते हैं। उन्होंने पूरे देश का नाम रोशन किया है। कहा कि सपा ने तो हमेशा खिलाड़ियों, साहित्यकारों समेत जो भी महान विभूतियां हैं उनको सम्मानित करने का काम किया है।

विधानसभा सत्र कम से कम 10 दिन का हो…

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि विधानसभा का सत्र भाजपा ने अभी प्रदेश में चार दिन से ज्यादा नहीं चलाया है, जबकि कम से कम 15 दिन चलना चाहिए। यदि पंद्रह दिन न चले तो दस दिन तो चलना ही चाहिए। उन्होंने कहा- भाजपा ने सब कुछ अपने कब्जे में कर रखा है। लोकतंत्र बचा ही नहीं है, विपक्ष की आवाज सुनी नहीं जाती है। इसलिए विकास नहीं, लूटखसोट मची है।

भाजपा विधायकों को बताया लुटेरा…

सपा के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि बदायूं के भाजपा विधायक लुटेरे हैं। बिल्सी, दातागंज समेत सभी जगहों पर विधायकों की शह पर कई अवैध काम हो रहे हैं। जमीनों पर कब्जा किया जा रहा है। उन्होंने कहा, पार्टी से गुटबाजी पूरी तरह से समाप्त की जाएगी। जो असंतुष्ट हैं उसे पहले मनाने की कोशिश की जाएगी। इसके बाद यदि वह पार्टी के हित में काम नहीं करते हैं तो आगे का फैसला पार्टी लेगी। उन्होंने कहा आगामी 2027 के चुनाव में प्रदेश में सपा की सरकार बनने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *