बदायूॅं जनमत। उसहैत स्थित एक स्कूल में छात्रा की पानी की बोतल में पेशाब मिलाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। इस घटना में दूसरे समुदाय के चार छात्रों पर छात्रा की पानी की बोतल में पेशाब मिलाने का आरोप लगा है। पुलिस ने इस मामले में आज दो छात्रों को हिरासत में लिया है। वहीं दो की तलाश जारी है।
हिरासत में लिए दो छात्रों को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया है। यहीं से उन्हें जमानत दे दी गई। दो छात्र अभी भी फरार हैं। पुलिस ने बताया कि इन छात्रों के अभिभावकों (पिता) के खिलाफ इस मामले में पहले ही शांति भंग की कार्रवाई की जा चुकी है।
यह थी घटना…
घटना 20 नबंवर की है। उसके अगले दिन यानी 21 नवंबर को शिकायत के बावजूद स्कूल की तरफ से कोई कार्रवाई न होने पर 22 नवंबर को घरवालों ने इसकी शिकायत हिंदू संगठनों से की। इसके साथ ही चारों छात्रों के खिलाफ उसहैत कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
करणी सेना का हंगामा, मामला साम्प्रदायिक रंग लेने लगा…
जैसे ही यह जानकारी सामने आई कि आरोपी छात्र मुस्लिम समुदाय के हैं और पीड़ित छात्राएं हिंदू समुदाय की, मामला गरम हो गया। 22 नवंबर को छात्राओं के घरवाले और करणी सेना के 100 से ज्यादा कार्यकर्ता स्कूल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया।
स्कूल मैनेजर विनोद कुमार गुप्ता ने इस घटना को लेकर थाने में तहरीर दी। आरोप है कि शिव सेवक गुप्ता और रामकिशोर करीब 100–125 लोगों के साथ स्कूल में घुस आए, स्टाफ से बदसलूकी की, एक छात्र को पीटा और घंटी बजवाकर जबरन स्कूल छुट्टी करवा दी। इससे बच्चे डरकर स्कूल से भाग गए। विनोद कुमार ने कहा— “मुझे इन लोगों से जान-माल का खतरा है। ये दोबारा कोई बड़ी घटना कर सकते हैं। पुलिस कार्रवाई जरूरी है।”
उसहैत थाना प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर अजयपाल सिंह ने बताया कि दो छात्रों की गिरफ्तारी हुई है, जिन्हें कोर्ट भेजा गया है। बाकी छात्रों की तलाश जारी है।

