बदायूं में डॉक्टर ने देहदान का संकल्प लिया; मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा शिक्षा और शोध के लिए महत्वपूर्ण योगदान

स्वास्थ्य

बदायूॅं जनमत‌। राजकीय मेडिकल कॉलेज के एनाटमी विभाग में 66 वर्षीय डॉ. आदर्श जौहरी ने देहदान का संकल्प लिया है। डॉ. जौहरी शहर के मोहल्ला पटियाली सराय के निवासी हैं। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा और शोध को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया।
एनाटमी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मुक्ताज हुसैन और लैब टेक्नीशियन/बॉडी इंजेक्टर प्रमोद कुमार ने डॉ. जौहरी का देहदान हेतु पंजीकरण कराया। इस प्रक्रिया के दौरान उन्हें देहदान से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई और संकल्प पत्र भरवाया गया।
कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार के निर्देश पर उप-प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह ने डॉ. आदर्श जौहरी को देहदान संकल्प प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया। डॉ. सिंह ने इस अवसर पर कहा कि देहदान चिकित्सा शिक्षा और शोध के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह भावी चिकित्सकों को अध्ययन और प्रशिक्षण का अमूल्य अवसर प्रदान करता है। इस प्रेरणादायी पहल के लिए उपस्थित सभी चिकित्सकों ने डॉ. आदर्श जौहरी की सराहना की। उन्होंने समाज से देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इस नेक कार्य में योगदान देने का आह्वान भी किया।
इस दौरान डॉ. एस.के. मिश्रा (आचार्य), डॉ. मनीष कुमार (विभागाध्यक्ष, बायोकेमिस्ट्री), डॉ. सुचेता यादव (विभागाध्यक्ष, पैथोलॉजी), डॉ. अर्जित गंगवार (सहायक आचार्य, एनाटमी), डॉ. पारूल सक्सेना (सहायक आचार्य, एनाटमी) सहित पुष्पेन्द्र पाल, टिंकू कश्यप, रूबी गुप्ता और राकेश पाल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *